भोपाल, 2 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो(सीबीआई) के नवनियुक्त निदेशक भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के मध्य प्रदेश काडर के 1983 बैच के आईपीएस अधिकारी ऋषि कुमार शुक्ला ने अपनी पुलिस सेवा की शुरुआत रायपुर से की थी। बीते 33 सालों की पुलिस सेवा के दौरान शुक्ला ने अन्य विभिन्न जिम्मेदारियां भी संभाली।
ग्वालियर में 23 अगस्त, 1960 को जन्मे ऋषि कुमार ने बी. कॉम तक की शिक्षा अर्जित की। वर्ष 1983 में उनका आईपीएस में चयन हो गया। उसके बाद शुक्ला रायपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक रहे। पुलिस अधीक्षक के तौर पर सबसे पहले वह दमोह में 1986 में पहुंचे। इसके बाद वर्ष 1992 से 1996 तक भारत सरकार की सेवा में तैनात रहे।
शुक्ला वर्ष 1996 में मध्य प्रदेश लौटे तो उन्हें अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक(प्रशासन) के तौर पर पदस्थ किया गया। इसके अलावा शुक्ला अपने सेवाकाल में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (रेल, नारकोटिक्स, होमगार्ड), पुलिस हाउसिंग के चेयरमैन भी रहे।
शुक्ला 30 जून, 2016 को पुलिस महानिदेशक नियुक्त किए गए और इस पद पर वह 30 जनवरी, 2019 तक रहे। उसके बाद शुक्ला को पुलिस हाउसिंग का चेयरमैन बनाया गया।
शुक्ला ने अपने सेवाकाल के दौरान 1995 में यूएसए में क्राइसेस मैनेजमेंट का प्रशिक्षण हासिल किया। इसके अलावा उन्होंने वर्ष 2005 में अमेरिका में हॉस्टेज नेगोसिएशन और हैदराबाद व इंग्लैंड में प्रशिक्षण प्राप्त किया।
dharmpath.com dharmpath