श्रम मंत्रालय ने पोर्टल पर लांच किया स्वव्यवसाय पर पेज

नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने फरवरी 2016 में उबर के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाने के बाद शुक्रवार को राष्ट्रीय कैरियर सेवा (एनसीएस) पोर्टल पर ‘अपना खुद का व्यवसाय शुरू करें’ पृष्ठ के आधिकारिक लांच की घोषणा की।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, इस अवसर पर आयोजित समारोह में श्रम एवं रोजगार मंत्रालय में सचिव शंकर अग्रवाल ने कहा, “इस पहल का उद्देश्य यह है कि लोगों के लिए अपना खुद का व्यवसाय शुरू करने के माहौल को और ज्यादा अनुकूल बनाया जाए। हम उबर जैसी कंपनियों का स्वागत करते हैं, जिन्होंने अपने प्लेटफॉर्म पर लचीले एवं ज्यादा कमाई वाले अवसरों की पेशकश कर परंपरागत रोजगार के तौर-तरीकों में क्रांति ला दी है।”

उन्होंने कहा, “हम इसे उद्यमियों के लिए एक जीवंत प्लेटफॉर्म में तब्दील किए जाने को लेकर आशान्वित हैं, ताकि वे अपने कामयाबी की गाथाओं को साझा कर सकें और दूसरे लोगों को भी उद्यमिता से परिपूर्ण प्रयासों से जुड़ने के लिए प्रेरित कर सकें।”

उबर को भी एनसीएस पोर्टल पर एक अग्रणी उद्यमिता भागीदार के रूप में इसलिए पेश किया गया था, क्योंकि वह भारत में महत्वाकांक्षी टैक्सी ड्राइवरों के लिए 2,50,000 से भी अधिक उद्यमिता अवसर पहले ही प्रस्तुत कर चुकी है।

देश में युवा अब एनसीएस पोर्टल पर लॉग इन कर सकते हैं और उबर मंच पर एक ड्राइवर भागीदार बनने के लिए साइन अप कर सकते हैं। उबर इस तरह के भागीदारों को वाहन खरीदने और अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए वित्तीय कर्ज दिलाने में भी मदद करेगी।

इस आशय की घोषणा 11 मार्च को आईआईटी दिल्ली में की गई। मंत्रालय की ओर से डीडीजी (रोजगार) प्रवीण श्रीवास्तव, उबर टेक्नोलॉजीज के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी थुआन फैम और भारत स्थित 50 से भी ज्यादा स्टार्टअप के प्रतिनिधि भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493