श्रीनगर , 17 जनवरी (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी में रविवार को उस समय अफरातफरी और भय का वातावरण पैदा हो गया, जब अफवाह आई कि अनंतनाग जिले में बच्चों को पोलियो की खुराक दिए जाने से कुछ बच्चों की मौत हो गई।
जम्मू एवं कश्मीर के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने रविवार को अनंतनाग या पुलवामा जिलों में मौत की अफवाह का खंडन किया है।
स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “शरारती तत्व फेसबुक और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया नेटवर्क के माध्यम से अफवाह फैला रहे हैं कि दक्षिण कश्मीर में पोलियो की खुराक देने के बाद कुछ बच्चों की मौत हो गई।”
उन्होंने कहा, “कश्मीर घाटी में कहीं भी पोलियो की खुराक देने के कारण कोई बच्चा नहीं मरा है। माता-पिता से अनुरोध किया जाता है कि वे इस निराधार अफवाहों पर ध्यान न दें।”
लेकिन अधिकारी द्वारा खंडन किए जाने के बावजूद कई सारे चिंतित परिजन यहां और घाटी के अन्य शहरों में अस्पतालों में पहुंचे, जिनके बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई थी। इसके कारण श्रीनगर में यातायात जाम की स्थिति देखने को मिली।
अधिकारियों ने रेडियो और टेलीविजन केंद्रों से अनुरोध किया है कि वे आधिकारिक खंडन को प्रसारित करें और शांति बनाए रखें।
dharmpath.com dharmpath