श्रीलंका में पिछले 48 घंटों से अधिक समय से तेज बारिश व तेज हवाओं का चलना जारी है। इस बीच मंगलवार शाम भूस्खलन हो गया, जिसमें अरनयाके के तीन गांव जमींदोज हो गए।
भूस्खलन स्थल पर मौजूद सैन्य व बचाव टीमें बचाव अभियान में जुटी हुई हैं। अधिकारियों ने कहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
भूस्खलन के तुरंत बाद करीब 141 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन श्रीलंका रेड क्रॉस की ओर से कहा गया है कि 200 से ज्यादा परिवार अब भी लापता हैं।
विषम मौसम परिस्थितियों के चलते बचाव अभियान में बाधा उत्पन्न हुई।
पुलिस ने पास के गांवों को खाली करा लिया है।
बुधवार तड़के राजधानी कोलंबो से करीब 72 किलोमीटर दूर बुलथकोहुपिटिया में हुए एक अन्य भूस्खलन के बाद बचाव टीमों ने तीन शव बरामद कर लिए।
देशभर में शनिवार शाम शुरू हुई तेज बारिश व तेज हवाओं के चलते करीब 3,50,000 लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि 1,40,000 अस्थायी शिविरों का रुख कर गए हैं।
dharmpath.com dharmpath