कोलकाता, 21 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को केंद्र सरकार पर देश का संघीय ढांचा ध्वस्त करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यो का भी श्रेय खुद ही ले रहे हैं।
कोलकाता में एक विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने मोदी सरकार पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय जैसी केंद्रीय जांच एंजेसियों को खुली छूट देने का आरोप भी लगाया और कहा कि इसके कारण 80,000 उद्योग धंधे देश छोड़कर चले गए।
तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता ने कहा, “केंद्र सरकार हर चीज में हस्तक्षेप कर रही है। वह संघीय ढांचे को नष्ट कर रहे हैं। हमारी सरकार भी चुनी हुई सरकार है और संविधान में केंद्र और राज्यों की भूमिका स्पष्ट की गई है। लेकिन वे हमारे कामकाज में हस्तक्षेप कर रहे हैं और लगातार हमें धमका रहे हैं।”
ममता ने आगे कहा, “केंद्र सरकार की त्रुटिपूर्ण नीतियों के कारण राज्यों को बदहाली की राह पर धकेला जा रहा है। केंद्र सरकार को यह बात अच्छी तरह याद रखनी चाहिए कि राज्यों के कारण ही केंद्र का अस्तित्व है।”
प्रधानमंत्री की कुछ महत्वाकांक्षी योजनाओं, जैसे ‘स्वच्छ भारत’ पर निशाना साधते हुए ममता ने आरोप लगाया कि केंद्र की अधिकांश योजनाओं के लिए सहायता राशि या तो रोक दी गई है या राज्यों का अधिभार बढ़ा दिया गया है।
बनर्जी ने कहा कि सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय जैसी केंद्रीय एजेंसियों द्वारा धमकाए जाने के कारण 80,000 उद्योग धंधे देश छोड़कर जा चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath