चंडीगढ़, 15 नवंबर – हरियाणा के हिसार जिले में शनिवार को उस समय तनाव व्याप्त हो गया, जब संत रामपाल के हजारों समर्थक गिरफ्तारी की पुलिस की कोशिश विफल करने के लिए जमा हो गए।
शनिवार को अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को बुलाया गया था, क्योंकि पुलिस बरवाला कस्बे के पास स्थित सतलोक आश्रम परिसर से रामपाल को जबरन गिरफ्तार करने के लिए पूरी तरह तैयार थी।
पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने जब से रामपाल के खिलाफ गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया है, आश्रम के बाहर 15 दिनों से अधिक समय से एक लाख से अधिक अनुयायी डेरा डाले हुए हैं।
रामपाल को निर्देश दिया गया था कि वह 17 नवंबर को न्यायालय में पेश हों। पुलिस ने इस तिथि से पहले ही वारंट तामील करा दिया है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार को रामपाल से अपील की कि वह शांतिपूर्ण तरीके से और बगैर किसी व्यवधान के न्यायालय में पेश हो जाएं।
खट्टर ने मीडिया से कहा कि हर किसी को न्याय प्रणाली की मर्यादा बरकरार रखनी है।
खट्टर ने रामपाल के अनुयायियों से अपील की कि वे न्यायालय के निर्देशों के क्रियान्वयन में सहयोग करें।
उच्च न्यायालय ने पिछले सप्ताह पुलिस और हरियाणा सरकार की कड़ी आलोचना की थी और 17 नवंबर को रामपाल को न्यायालय में पेश करने का आदेश दिया था।
न्यायालय ने पांच नवंबर को ही रामपाल के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था, लेकिन पुलिस उन्हें न्यायालय में पेश नहीं कर पाई।
विवादास्पद संत रामपाल के अनुयायियों ने इस वर्ष जुलाई महीने में हिसार में एक अदालत में उस समय तोड़फोड़ किया था, जब वह वहां हत्या की साजिश के 2006 के एक मामले में पेशी के लिए गए थे।
उच्च न्यायालय ने इस घटना को संज्ञान में लेते हुए रामपाल को न्यायालय में पेश होने का नोटिस जारी किया था।
dharmpath.com dharmpath