संसद में हंगामे के लिए मोदी सरकार जिम्मेदार : भगवंत मान

लखनऊ, 13 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की ताजनगरी आगरा पहुंचे आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट से सांसद भगवंत मान ने संसद केमानसून सत्र में गतिरोध के लिए नरेंद्र मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के हठ की वजह से यह महत्वपूर्ण सत्र हंगामे की भेंट चढ़ गया।

हास्य कलाकार से राजनेता बने भगवंत मान गुरुवार को आगरा में ताजमहल का दीदार करने आए थे। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र में जो कुछ हुआ है, उसके लिए केंद्र की मोदी सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने बुधवार को संसद में ‘ललित गेट’ पर बहस को बेहद गलत बताया।

उन्होंने कहा कि इस बार का मानसून सत्र सरकार की गलती के कारण बेकार हो गया। सरकार को हर आरोप का समुचित जवाब देना चाहिए था, लेकिन समूची सरकार आरोपों को सिर्फ झुठलाने में लगी रही और प्रधानमंत्री चुप्पी साधे रहे। सरकार की गलत दृष्टिकोण के कारण मानसून सत्र पानी में बह गया।

इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथ लिया।

भगवंत मान ने कहा कि बिहार की रैलियों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, वह ठीक नहीं है। उनकी भाषा प्रधानंमत्री के पद की गरिमा के जरा भी अनुकूल नहीं है। प्रधानमंत्री को लोकतांत्रिक भाषा का प्रयोग करना चाहिए, लेकिन वह फूहड़ता पर उतर आए और अहंकार प्रदर्शित करते रहे।

उन्होंने याद दिलाया कि भाजपा को दिल्ली के विधानभा चुनाव में अपने अहंकार का परिणाम झेलना पड़ा था। बिहार में भी भाजपा जिस तरह से प्रचार कर रही है, उससे उनका अहंकार ही झलक रहा है।

आम आदमी पार्टी के बारे में उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी दिल्ली में उपराज्यपाल नजीब जंग द्वारा बार-बार परेशान किए जाने के बावजूद बहुत अच्छा काम कर रही है। अब अगले वर्ष पार्टी पंजाब में सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493