नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। सूचना और प्रसारण सचिव सुनिल अरोड़ा ने मुम्बई में फिल्म प्रभाग में भारतीय सिनेमा पर राष्ट्रीय संग्रहालय निर्माण की प्रगति की समीक्षा बैठक की। इसमें संग्रहालय के दूसरे चरण पर चर्चा की गई।
मंगलवार को हुई इस बैठक में अरोड़ा ने कहा कि संग्रहालय के दूसरे चरण को ऐसा बनाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह इंटेरेक्टिव और अनूठा लगे। अरोड़ा ने कहा कि संग्रहालय को सिनेमा के सांस्कृतिक और सामाजिक प्रभाव को विशेष रूप से दिखाना चाहिए।
पांच मंजिला संग्रहालय भारतीय सिनेमा के प्रारंभिक वर्षों से अब तक के विभिन्न पहलुओं को दिखाएगा। इसमें फिल्म निर्माण के विभिन्न पक्षों पर इंटरेक्टिव प्रदर्शनी रखी जाएगी। संग्रहालय में क्षेत्रीय सिनेमा, हिन्दी सिनेमा, वृत चित्रों तथा भारतीय फिल्म संगीत के लिए अलग-अलग खण्ड होंगे।
नया भवन दक्षिण मुम्बई के पेडर रोड पर है। इसमें मध्यम आकार के दो ऑडिटोरियम, दर्शक गैलरी तथा कैफेटेरिया होगा। यह भवन सार्वजनिक क्षेत्र की राष्ट्रीय भवन निर्माण कंपनी बना रही है। संग्रहालय स्थापित करने की जिम्मेदारी संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद, कोलकाता को दी गई है।
dharmpath.com dharmpath