भोपाल, 19 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के विंध्य और बुंदेलखंड में जारी बारिश ने बाढ़ के हालात बना दिए हैं।
बाढ़ से कई गांव जलमग्न हैं, नदी एवं नाले उफान पर हैं। जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सतना जिले में तो बाढ़ से घिरे मगराज गांव के छह लोग जान बचाने के लिए पेड़ पर चढ़े हुए हैं। इन्हें सुरक्षित निकालने के लिए हेलीकॉप्टर बुलाया गया है।
विंध्य क्षेत्र के रीवा, सतना और बुंदेलखंड के छतरपुर, पन्ना, दमोह और टीकमगढ़ में बारिश का दौर जारी है। रीवा जिले में लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे कई मार्गो पर आवागमन बाधित हो रहा है। वहीं बांधों का पानी टमस नदी में छोड़े जाने से नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है और नदी किनारे बसे गांव के डूबने का खतरा मंडराने लगा है।
इसी तरह सतना जिले में भी बारिश का क्रम बना हुआ है। अमरपाटन क्षेत्र के मगराज गांव में तो छह लोग बाढ़ से घिर गए हैं और वे अपनी जान बचाने के लिए पेड़ पर चढ़े हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक मिथिलेश शुक्ला ने बताया है कि बाढ़ में फंसे इन लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद ली जा रही है।
सतना जिले में कई स्थानों पर बाढ़ में लोगों के फंसे होने की खबरें आ रही है। मैहर क्षेत्र के गणेशपुर में कई परिवार बाढ़ से घिरे हैं, माधवगढ़ मजार क्षेत्र में भी कई लोग बाढ़ में फंसे है जिन्हें बचाने राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गया है।
बुंदेलखंड के छतरपुर में बीते दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे नदियां उफान पर है और निचली बस्तियों में पानी भर गया है। यहां के कई गांवों का सड़क से संपर्क टूट गया हैं। टीकमगढ़ में नदियों का जलस्तर बढ़ने से छतरपुर व ललितपुर से सड़क संपर्क बाधित है।
dharmpath.com dharmpath