सत्ता के लिए बना महागठबंधन : गडकरी

औरंगाबाद (बिहार), 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने यहां मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जाति और समुदाय के नाम पर समाज को बांटने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार विकास के मामले में अभी बहुत पीछे है। उन्होंने कहा कि सत्ता के लिए महागठबंधन बनाया गया है।

औरंगाबाद के नवीनगर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए गडकरी ने लालू प्रसाद और नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि राममनोहर लोहिया ने जीवनभर कांग्रेस विरोध की राजनीति की, लेकिन लोहिया के शिष्य होने का दावा करने वाले लालू और नीतीश आज उसी कांग्रेस के साथ मिल गए हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता के लिए जदयू, कांग्रेस और राजद एक हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की बात करने वाले लालू आज परिवारवाद तक सीमित हो गए हैं। उन्होंने लोगों से बिहार में भाजपा के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि बिहार का विकास राजग ही कर सकता है।

भाजपा नेता ने इस मौके पर किसानों को अधिक उपज लेने के लिए पारंपरिक खेती के तरीके को बदलने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों के विकास से ही देश का विकास संभव है।

उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए 12 अक्टूबर से पांच नवंबर तक पांच चरणों में मतदान होना है। मतों की गिनती आठ नवंबर को होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493