सपनों के सौदागर के सपने लुप्त हो रहे : गिरिजा

भोपाल, 26 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार के दो साल पूरे होने पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता गिरिजा व्यास ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लच्छेदार भाषा और सपने दिखाकर सत्ता हासिल करने वाले सपनों के सौदागर (नरेंद्र मोदी) द्वारा दिखाए सपने अब लुप्त हो रहे हैं और आमजन उनकी हकीकत जान गए हैं।

कांग्रेस ने मोदी सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल की ‘हकीकत’ बयां करने के लिए ‘मोदी सरकार के दो साल, बुरे हाल देश बदहाल’ नामक देशव्यापी मुहिम चलाई है।

इसके तहत गुरुवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के प्रदेश कार्यालय में गिरिजा ने संवाददाताओं से कहा कि मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है।

उन्होंने कहा कि मोदी ने चुनाव से पहले हर गरीब के खाते में 15 लाख रुपये आने, महंगाई कम करने, कालाधन वापस लाने, विदेशी ताकतों को उनकी ही भाषा में जवाब देने सहित कई वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उनके वादे सिर्फ जुमले ही साबित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था चौराहे पर है, विकास दर कम हो रही है, किसानों को उनकी फसल का दाम नहीं मिल रहा है, महंगाई आसमान छू रही है, कच्चे तेल की कीमत कम होने के बावजूद आम जनता को राहत नहीं मिल रही है। पाकिस्तान और चीन आंखें दिखा रहे हैं तो नेपाल से हमारे रिश्ते बिगड़ रहे हैं। किसान सूखे की मार झेल रहा है, पर प्रधानमंत्री अब भी जुमलेबाजी में लगे हैं।

गिरिजा व्यास ने आगे कहा कि चुनाव के दौरान मोदी ने जो वादे किए थे, उनकी हकीकत अब सामने आने लगी है। जनता को लगने लगा है कि उसने जो सपने देखे थे, वे लुप्त होने लगे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493