सभी योजनाओं के केंद्र में गांव और गरीब : सुशील मोदी

सासाराम, 15 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने यहां शुक्रवार को कहा कि केंद्र और बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार पूरी तरह से गरीब, दलित, पिछड़ा, अति पिछड़ा और समाज के कमजोर वर्गो के लिए समर्पित हैं। सरकार की सभी विकास और कल्याणकारी योजनाओं के केंद्र में गांव और गरीब हैं।

बिहार के सासाराम के आनंद भूषण पाण्डेय सभागार में भाजपा के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों के चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि इस साल के 31 दिसंबर तक बिहार के हर गांव में बिजली पहुंच जाएगी। बिहार में लालटेन अब बीते दिनों की बात होने वाली है।

उन्होंने कहा कि दियारा के 212 गांवों के साथ ही रोहतास के अघौरा पहाड़ तक सरकार सौर ऊर्जा से बिजली पहुंचाने में सफल रही है, जबकि यहां आजादी के बाद से लेकर आज तक बिजली नहीं पहुंच सकी थी।

पंचायतवार शिविर लगाकर गरीबों को मुत बिजली कनेक्शन दिए जाने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि अगले साल तक हर घर बिजली की रौशनी से जगमग होंगे।

उन्होंने लोगों को बीते दिनों को याद कराते हुए कहा कि वर्ष 2005 तक मात्र राज्य के 20 प्रतिशत गांवों में ही बिजली के तार पहुंचे थे, मगर बिजली के दर्शन कई-कई दिनों तक नहीं होते थे।

उन्होंने कहा, “पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्राम्य ज्योति योजना’ के तहत कृषि के लिए अलग फीडर का निर्माण कराया जा रहा है। कृषि के अलग फीडर से बिजली आधारित खेती को बढ़ावा तथा डीजल आधारित खेती से किसानों को मुक्ति मिलेगी तथा लागत मूल्य कम होने से उनकी आमदनी भी बढ़ेगी।”

उन्होंने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का लक्ष्य गरीबों को सशक्त करना है। भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि हर गांव-टोले में गरीबों को उनके लिए चलाई जा रही योजनाओं से अवगत कराएं। सरकार सबका साथ और सबके विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493