नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए 15 अप्रैल से लागू होने जा रही महत्वाकांक्षी सम-विषम योजना के दूसरे चरण में महिलाओं और स्कूली बच्चों को ले जा रही कारों को छूट दी जाएगी।
दिल्ली के परिवहन मंत्री गोपाल राय ने कहा कि महिलाओं को छूट देने के सरकार के फैसले के पीछे का मुख्य कारण सुरक्षा है।
राय ने मीडिया से कहा, “लोगों की इच्छा के अनुसार मुख्यमंत्री ने सम-विषम के दूसरे चरण में महिलाओं को फिर छूट देने का निर्णय लिया है। इसके पीछे का मुख्य कारण सुरक्षा है।”
स्कूली बच्चों को ले जा रहे वाहनों को भी छूट दी जाएगी।
राय ने कहा, “सम-विषम योजना (जनवरी 1-15) के पहले चरण के दौरान स्कूल बंद थे। इस समय स्कूल खुले हैं। हम नहीं चाहते कि बच्चे परेशान हों, इसलिए स्कूली बच्चों को ले जाने वाले वाहनों को सम-विषम योजना से दूर रखा जाएगा।”
सम-विषम फार्मूले के मुताबिक, सम पंजीकरण संख्या के वाहन सम तारीखों और विषम पंजीकरण संख्या वाले वाहन विषम तारीखों पर ही सड़कों पर दौड़ सकेंगे।
यातायात प्रतिबंध रविवार को लागू नहीं रहेगा।
मंत्री ने कहा कि जिन्हें पहले चरण में छूट दी गई थी, वे इस बार भी छूट का लाभ ले सकेंगे। इसमें केंद्र सरकार के मंत्री और वीवीआईपी सीएनजी के वाहन हैं।
मोटर साइकिल सवारों को आगामी सम-विषम योजना से मुक्त रखने की संभावना है। योजना के लिए अंतिम अधिसूचना शुक्रवार को जारी की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath