सरिता के खुलासों को लेकर चांडी कानूनी कार्रवाई पर आमादा

तिरुवनंतपुरम, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। एक समाचार चैनल ने एक दिन पहले दावा किया था कि उसके पास उस पत्र की प्रति है, जिसमें सोलर घोटाले की सह आरोपी सरिता नायर ने रहस्योद्घाटन किया है कि केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने उनका यौन शोषण किया था।

चांडी ने सोमवार को कहा कि वह उन खुलासों को लेकर कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रहे हैं।

चांडी ने यहां अपने सरकारी आवास पर संवाददाताओं से कहा कि यह बड़ी विचित्र बात है कि तीन साल बाद भी सोलर घोटाला पीछा नहीं छोड़ रहा है।

चांडी ने कहा, “मैं कानूनी कार्रवाई करने के लिए क्या किया जाना है, इस पर विचार कर रहा हूं। मुझे लगता है कि यह एक साजिश है और इन नए खुलासों के पीछे बहुत पैसे वाले लोगों की लॉबी काम कर रही है।”

सरिता नायर रविवार को एशियान्यूज चैनल पर आई थीं और पुष्टि की थी कि वर्ष 2013 में उन्होंने 24 पृष्ठों का एक पत्र लिखा था। लेकिन उस पत्र में लिखी बातों पर चर्चा करने से उन्होंने इन्कार कर दिया।

इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री वी. एस. अच्युतानंदन ने नायर के पत्र में किए गए खुलासों को लेकर नए सिरे से जांच कराने की मांग की है। टीवी चैनल ने रविवार को नायर के पत्र को जारी किया था। उसमें दावा किया गया है कि चांडी ने अपने सरकारी आवास पर उनका यौन उत्पीड़न किया था।

अच्युतानंदन ने कोच्चि में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “जो नए खुलासे हुए हैं उनसे चांडी और उनकी पार्टी के लोगों के कारण छवि पर खरोंच आई है। उन्हें माफी मांगनी चाहिए और खुद को साफ साबित करना चाहिए।”

वर्ष 2013 में जब सरिता नायर और उनके साथ लिव-इन रिश्ते में रह रहे बीजू राधाकृष्णन को गिरफ्तार किया गया था, उसी दौरान सोलर घोटाला सामने आया था।

दोनों पर सोलर पैनल के लिए दिए गए बहुत सारे निवेशकों के पैसे धोखेबाजी से हड़पने का आरोप है।

विभिन्न अदालतों में नायर और राधाकृष्णन के खिलाफ धोखेबाजी के 30 से भी अधिक मामले हैं। पुलिस का अनुमान है कि दोनों ने निवेशकों के छह करोड़ से भी अधिक रुपये हड़प लिए।

सरिता इस समय जमानत पर जेल से बाहर है, जबकि राधाकृष्णन अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में इस समय जेल में है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493