सर्जिकल स्ट्राइक का वीडियो जारी करने की कोई वजह नहीं : पर्रिकर (लीड-1)

आगरा, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने गुरुवार को कहा कि मीडिया द्वारा सेना की कार्रवाई की पुष्टि कर दिए जाने के बाद सीमा पार किए गए सर्जिकल स्ट्राइक का वीडियो जारी करने का कोई कारण नहीं बनता।

सीमा पार किए गए सर्जिकल स्ट्राइक का वीडियो जारी करने की मांग को लेकर हो रही चर्चा पर विराम लगाते हुए उन्होंने कहा, “सर्जिकल स्ट्राइक पर एक टेलीविजन चैनल द्वारा पाकिस्तानी पुलिस अधिकारी के साक्षात्कार के बाद स्ट्राइक का वीडियो जारी करने का कोई कारण नहीं बनता।”

पर्रिकर ने कहा, “मैं इस बात से खुश हूं कि एक टेलीविजन चैनल ने एक जासूस की तरह काम किया और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में मीरपुर रेंज के पुलिस अधीक्षक से बातचीत की।”

रक्षा मंत्री ने सीएनएन न्यूज18 चैनल को धन्यवाद देते हुए कहा, “मीडिया ने पर्याप्त सबूत दे दिया है, इसलिए और अधिक सबूत देने की जरूरत नहीं है।”

सर्जिकल स्ट्राइक के लिए सेना की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा, “मुझे अपने जवानों पर गर्व है। जब उन्हें सर्जिकल स्ट्राइक करने के लिए कहा गया, तो उन्होंने न सिर्फ इसे अंजाम दिया, बल्कि सौ फीसदी सटीकता के साथ पूरा किया। दुनिया ने पहले कभी इतना अचूक सर्जिकल स्ट्राइक नहीं देखा होगा। हमारे जवान अचूक स्ट्राइक करने में सक्षम हैं और इतनी सटीकता से सर्जिकल स्ट्राइक शक्तिशाली देशों के सुरक्षाबलों ने भी नहीं किया है।”

पर्रिकर ने कहा, “मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सरहदें सुरक्षित हैं। एक तरफ तो मैं आपको आश्वस्त होने के लिए कह रहा हूं, जबकि दूसरी तरफ देश में कुछ ऐसे भी लोग हैं, जिन्होंने देश के बहादुर जवानों पर सवाल उठाए हैं। मैं उन लोगों का नाम नहीं लेना चाहता।”

मंत्री ने सेवानिवृत्त सैनिकों के उस खत के लिए उन्होंने धन्यवाद दिया, जिसमें उन्होंने युद्ध की स्थिति में सीमा पर लड़ने की इच्छा जताई है।

पर्रिकर ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी, क्योंकि कुछ लोग हैं, जो सर्जिकल स्ट्राइक की सफलता तथा कुंठा से ग्रस्त होकर सशस्त्र बलों पर हमले के लिए तैयार बैठे हैं। उन्होंने कहा कि किसी को संदिग्ध गतिविधि दिखती है, तो वह सुरक्षाबलों को सूचित करें।

रक्षा मंत्री ने कहा, “सम्मान की बात है कि आपने मुझपर भरोसा किया। मुझे लगता है कि आप हमारे जवानों का सम्मान कर रहे हैं और मैं इसे उनतक पहुंचाऊंगा। मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में यह रक्षा मंत्री वह सब करेगा, जिसकी उनसे अपेक्षा की जाती है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493