सहपाठी से हाथापाई में 10वीं के छात्र की मौत

हैदराबाद, 2 सितम्बर (आईएएनएस)। हैदराबाद के एक निजी स्कूल में 10वीं कक्षा के एक छात्र की सहपाठी के साथ हुई हाथापाई में मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि सेंट जोसेफ पब्लिक स्कूल के छात्र आमिर सिद्दीकी की बुधवार को एक निजी अस्पताल में दिमाग की चोट के चलते मौत हो गई।

घटना मंगलवार को स्कूल परिसर में भोजनावकाश के दौरान हुई थी। छात्र की मौत के बाद ही पूरा मामला सामने आया।

पुलिस ने मृत छात्र के माता-पिता की शिकायत पर एक मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित मां-बाप मासाब टैंक के रहने वाले हैं।

पुलिस उपायुक्त कमलासन रेड्डी ने बताया कि आमिर और उसके सहपाठी शरियल के बीच स्कूल मैदान में झगड़ा हुआ था। शरियल ने आमिर के सिर पर वार किया था।

आमिर को स्कूल में प्राथमिक उपचार के बाद कमीनेनी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। मंगलवार रात उसके मस्तिष्क से खून का थक्का हटाने के लिए एक सर्जरी की गई, लेकिन उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई।

बेटे की मौत से सदमे में आए पीड़ित मां-बाप ने आरोपी छात्र के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस उपायुक्त ने कहा है कि वे लोग आगे की कार्रवाई करने से पूर्व स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493