मुहल्ला भूतेश्वर निवासी शिक्षक राकेश गोस्वामी का 19 वर्षीय पुत्र कपिल गोस्वामी 10 जून की शाम घर से बाजार कहकर गया था और वापस नहीं आया। परिजनों ने उसे तलाशा, लेकिन उसकी कोई भी जानकारी नहीं मिली।
परिवार के लोग कपिल की तलाश में जुटे थे कि 15 जून को राकेश गोस्वामी के मोबाइल पर ओड़िशा के जनपद बागेश्वर के थाना कामदड़ा के थानाध्यक्ष का फोन आया और उस फोन पर राकेश को उसके पुत्र के कामदड़ा में होने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिवार के लोग सकते में आ गए। पहले तो उन्हें इस सूचना पर विश्वास नहीं हुआ, फिर उन्होंने अपने चिर परिचितों के माध्यम से आए फोन नंबर पर फिर कॉल कर जानकारी ली और घटना की सूचना कासगंज कोतवाली पुलिस को दी।
ओड़िशा पुलिस ने कपिल के पिता से स्वयं और पुत्र के आधार कार्ड के साथ कामदड़ा आने को कहा। राकेश गोस्वामी अपने दामाद के साथ बागेश्वर पहुंचे, जहां से उन्हें कामदड़ा थाने भेजा गया। कामदड़ा थाने में सभी औपचारिकताओं के बाद कपिल को राकेश के सुपुर्द कर दिया गया।
रविवार को बेटे को लेकर कासगंज पहुंचे राकेश गोस्वामी ने बताया कि एक साधु उनके बेटे से बागेश्वर में भीख मंगवा रहा था। कुछ लोगों ने शक होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी और पुलिस ने साधु को पकड़ कर नवयुवक को मुक्त करा लिया।
dharmpath.com dharmpath