जापान मालाबार सैन्याभ्यास का स्थायी सदस्य : सुषमा

नई दिल्ली, 19 जून (आईएएनएस)। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने रविवार को कहा कि जापान अब मालाबार सैन्याभ्यास का एक स्थायी सदस्य है, जिसमें भारत और अमेरिका शामिल हैं।

सुषमा ने अपने वार्षिक संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल के जवाब में कहा, “अभी तक भारत और अमेरिका इसमें हिस्सा लेते हैं और जापान कभी हिस्सा लेता है और कभी नहीं लेता। लेकिन अब हमने तय किया है कि जापान मालाबार सैन्याभ्यास का एक स्थायी सदस्य होगा।”

भारत, जापान के बीच मालाबार संयुक्त सैन्याभ्यास इसी महीने हुआ है। भारतीय और अमेरिकी नौसेनाएं 1992 से ही नियमित तौर पर मालाबार सैन्याभ्यास आयोजित करती है।

दक्षिण चीन सागर से संबंधित एक अन्य सवाल के जवाब में सुषमा ने कहा कि भारत के पास इस समुद्री विवाद पर एक स्पष्ट नीति है।

उन्होंने कहा कि इस विवाद का एक शांतिपूर्ण समाधान होना चाहिए और यदि ऐसा संभव नहीं है तो इसके लिए एक अंतर्राष्ट्रीय तंत्र है।

सुषमा ने कहा कि दक्षिण चीन सागर से संबंधित मुद्दा विदेश सचिव एस. जयशंकर के हाल के चीन दौरे के दौरान उठा था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493