साल के आखिर तक शीर्ष-4 में पहुंचने की करूंगा कोशिश : नडाल

मेड्रिड, 11 मई (आईएएनएस)। स्पेन के स्टार खिलाड़ी राफेल नडाल ने इच्छा जताई है कि वह इस साल के खत्म होने से पहले एक बार फिर विश्व वरीयता के शीर्ष चार में स्थान हासिल करना चाहेंगे।

समाचार एजेंसी एफे के अनुसार नडाल रविवार को मेड्रिड ओपन के फाइनल में एंडी मरे से मिली हार के बाद विश्व वरीयता में पिछले दस साल के अपने सबसे निचले क्रम सातवें पायदान पर फिसल गए।

नडाल ने कहा, “साल के अंत तक एक बार फिर मेरी कोशिश शीर्ष-4 में पहुंचने की होगी। अगर ऐसा नहीं होता तो मैं मान लूंगा कि यह साल मेरे लिए अच्छा नहीं रहा।”

इसी हफ्ते शुरू हो रहे इटली ओपन के बारे में नडाल ने कहा, “फ्रेंच ओपन में अभी दो हफ्ते का समय है लेकिन इससे पहले अब मेरा ध्यान रोम पर है। मैं जल्द ही वहां पहुंच कर अपना अभ्यास शुरू करना चाहूंगा।”

अपने करियर में 13 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके नडाल के अनुसार, “शीर्ष चार में बने रहना हमेशा मुश्किल होता है। खासकर जब आप चोट से वापसी कर रहे होते हैं। यह सच है और मुझे इसे स्वीकर करना होगा। मैनें छह महीने बिना कोई अंक प्राप्त किए व्यतीत किए।”

नडाल ने साथ ही कहा कि अब शीर्ष-आठ से बाहर होने से बचने के लिए उन्हें फ्रेंच ओपन में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

नडाल के अनुसार, “इस हफ्ते मैं ज्यादा साकारात्मक हैं। मुझे मालूम है कि इस साल मैं शीर्ष-15 से बाहर नहीं जाऊंगा। मेरी कोशिश अब मैच दर मैच अच्छा खेलने की होगी और फिर देखते हैं कि साल के अंत तक मैं कहां पहुंच सकता हूं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493