नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। साहित्य अकादमी बुधवार, गुरुवार को अखिल भारतीय कवि सम्मिलन आयोजित कर रही है, जिसमें 24 भारतीय भाषाओं के 39 कवि भाग ले रहे हैं। कवि-सम्मिलन का उद्घाटन प्रख्यात संस्कृत विद्वान, ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता और साहित्य अकादमी के सदस्य सत्यव्रत शास्त्री करेंगे।
साहित्य अकादमी के सचिव डॉ. श्रीनिवास राव ने कहा, “उद्घाटन सत्र के विशिष्ट अतिथि प्रख्यात हिंदी कवि एवं साहित्य अकादमी के सदस्य तथा ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता केदारनाथ सिंह होंगे। सम्मिलन की अध्यक्षता साहित्य अकादमी के अध्यक्ष विश्वनाथ प्रसाद तिवारी करेंगे।”
उन्होंने कहा कि साहित्य अकादमी के प्रथम तल स्थित सभागार में नौ नवंबर को आयोजित काव्य-पाठ में निवेदिता फूकन (असमिया), विनोद जोशी (गुजराती), लीलाधर जगूड़ी (हिंदी), गंगेश गुंजन (मैथिली), वसंत अबाजी ढहाके (मराठी), एन. गोपी (तेलुगु), हनीफ तरीन (उर्दू) अपनी-अपनी भाषाओं में काव्य पाठ करेंगे।
राव ने कहा कि 10 नवंबर को कवि सम्मिलन प्रात: 10.00 बजे आरंभ होगा और तीन सत्रों में सिर्पी बालसुब्रह्मण्यम, कर्बी डेका हजारिका (असमिया), लीलाधर मंडलोई (हिंदी), अर्जुनदेव चारण (राजस्थानी), वीणा शंृगी (सिंधी), एच.एस. शिवप्रकाश (कन्नड़), अंशुमन कर (बांग्ला), लक्ष्मीशंकर वाजपेयी (हिंदी), क्षेत्रि राजेन सिंह (मणिपुरी), यशोदा मुर्मू (संताली), कुशल दत्ता (असमिया), दिनेश कुमार शुक्ल (हिंदी), सुनीता रैना पंडित (कश्मीरी), चंद्रकांत पाटील (मराठी), ए. कृष्ण राव (तेलुगु), सैयद जिया अलवी (उर्दू) अपनी कविताएं प्रस्तुत करेंगे।
dharmpath.com dharmpath