नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। साहित्य अकादेमी ने भारतीय भाषाओं में लिखने के लिए युवा लेखकों को प्रोत्साहित करने के लिए युवा पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
संस्कृति मंत्रालय के तहत साहित्य अकादमी ने भारतीय भाषाओं में लिखने के लिए युवा लेखकों, जो 35 वर्ष से कम आयु के हैं, को प्रोत्साहित करने के लिए वर्ष 2011 में ‘युवा पुरस्कार’ शुरू किया था।
अकादेमी द्वारा मान्यता प्राप्त भारतीय भाषाओं- असमी, बांग्ला, बोडो, डोगरी, अंग्रेजी, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, कश्मीरी, कोंकणी, मैथिली, मलयालम, मणिपुरी, मराठी, नेपाली, उड़िया, पंजाबी, राजस्थानी, संथाली, संस्कृत, तमिल, तेलुगू, सिंधी एवं उर्दू में युवा भारतीय लेखकों द्वारा लिखी गई सर्वश्रेष्ठ पुस्तकों को कुल 106 पुरस्कार दिए जा चुके हैं।
ये पुरस्कार एक सम्मान समारोह में प्रदान किए जाते हैं और इनमें 50 हजार रुपये का चेक, एक फलक एवं एक प्रशस्तिपत्र शामिल होता है।
साहित्य अकादेमी युवा पुरस्कार 2017 के लिए अकादमी द्वारा मान्यता प्राप्त सभी 24 भाषाओं में 35 वर्ष या उससे कम आयु के युवा भारतीय लेखकों तथा प्रकाशकों से पुस्तकें आमंत्रित कर रहा है।
आवेदक लेखक की उम्र पहली जनवरी, 2017 को 35 वर्ष या उससे कम होनी चाहिए। प्रतिवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर, 2016 है। पुस्तकें जन्मतिथि वाले प्रमाणपत्र की एक प्रमाणित प्रति के साथ भेजी जानी चाहिए।
dharmpath.com dharmpath