उज्जैन, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन के सिंहस्थ कुंभ में हिस्सा लेने आ रहे साधु-संतों को रियायती दर पर खाद्यान्न मिलेगा, वहीं रसोई गैस सिलेंडर पर 100 रुपये की सब्सिडी भी मिलेगी।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और नागरिक आपूर्ति निगम ने मंगलवार को बताया कि रियायती दर पर खाद्यान्न वितरण शुरू कर दिया गया है। साधु-संतों को रियायती दरों पर शक्कर, चावल, गेहूं का आटा तथा रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कुंभ मेला क्षेत्र में 40 उचित मूल्य दुकान संचालित हो रही हैं। इन दुकानों पर पर्याप्त मात्रा में सामग्री भंडारित की जा रही है। पहले चरण में 10 हजार क्विंटल गेहूं का आटा उपलब्ध कराया जा रहा है। सिंहस्थ मेला अवधि में 60 हजार मीट्रिक टन गेहूं का आटा उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की गई है।
निगम के अनुसार, उज्जैन में अभी दो हजार मीट्रिक टन चावल और 1000 मीट्रिक टन शक्कर सिंहस्थ मेला क्षेत्र में भंडारित की गई है। साधु-संतों को 14़2 किलोग्राम रसोई गैस के प्रत्येक सिलेंडर पर 100 रुपये सब्सिडी दी जा रही है।
सब्सिडी लेने के लिए बैंक खाता नंबर और पासबुक की फोटोकॉपी उपलब्ध कराना होगी। मेला क्षेत्र में अब तक 2000 रसोई गैस सिलेंडर का उठाव हो चुका है।
dharmpath.com dharmpath