सिर्फ नारा से उत्तम नहीं बनेगा यूपी : केशव मौर्य

लखनऊ, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सिर्फ उत्तम प्रदेश का नारा देने से उत्तर प्रदेश ‘उत्तम प्रदेश’ नहीं हो जाएगा। यहां ऐसी सरकार की जरूरत है, जो वाकई प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाए।

लखनऊ में प्रेसवार्ता के दौरान मौर्य ने कहा, “भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मुझे यूपी की जिम्मेदारी सौंपी है। मैं 265 से ज्यादा सीटों के लक्ष्य को पूरा करते हुए उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए लगना चाहूंगा।”

जातिगत आधार पर ही प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त हुए मौर्य ने सपा और बसपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “उत्तर प्रदेश में एक पार्टी परिवारवादी है और दूसरी जातिवादी। बसपा राज में आपने भ्रष्टाचार देखा और सपा राज में अत्याचार और विफलता।”

उन्होंने सपा सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि यूपी सरकार हर मुद्दे पर विफल है। कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है और जनता असुरक्षित है।

मौर्य ने कहा, “बेरोजगारी का ये हाल है कि चपरासी के 368 पदों के लिए 23 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन कर दिया। लोक सेवा आयोग में जबरदस्त भ्रष्टाचार है, जिसके आंदोलन का हिस्सा बनकर मुझे भी जेल जाना पड़ा।”

उन्होंने कहा कि उप्र सरकार किसानों की उपेक्षा कर रही है। केंद्र सरकार की योजनाएं किसानों तक नहीं पहुंच पा रही हैं। बुंदेलखंड की स्थिति भयावह है।

मौर्य ने कहा कि सपा सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी है, इसलिए उन्हें डर है कि केंद्र सरकार द्वारा भेजा गया अनाज किसान और जनता तक पहुंचेगा या नहीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493