स्टिंग का फुटेज लेने के लिए समिति सदस्यों का नाम घोषित

कोलकाता, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने नारद स्टिंग आपरेशन की वीडियो फुटेज लेने के लिए गठित तीन सदस्यीय कमेटी के सदस्यों के नाम मंगलवार को घोषित किए। इस स्टिंग में पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कुछ नेताओं को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए दिखाया गया है।

मुख्य न्यायाधीश मंजुला चेल्लुर और न्यायमूर्ति ए. बनर्जी ने सोमवार को तीन सदस्यीय समिति का गठन किया था। ये सदस्य दिल्ली में ‘नारद न्यूज’ के प्रमुख मैथ्यू सैमुएल से स्टिंग ऑपरेशन के रिकॉर्डिंग उपकरणों सहित इसकी मूल फुटेज लेंगे।

समिति में जिन तीन सदस्यों को शामिल किया गया है उनमें कलकत्ता उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार (ओरिजनल साइड) जयंत कोल, राज्य पुलिस महानिरीक्षक (दूरसंचार) अनिल कुमार और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के पुलिस अधीक्षक नागेंद्र प्रसाद हैं।

मामले की सीबीआई जांच कराए जाने की मांग की जनहित याचिकाओं की सुनवाई करते हुए अदालत ने इससे पहले सैमुएल को अदालत को व्यक्तिगत तौर पर सामग्री सौंपने का निर्देश दिया था। लेकिन उन्होंने जान को खतरा होने की बात कहते हुए ऐसा करने में असमर्थता जताई थी।

इसके बाद सोमवार को अदालत ने समिति गठित की और उसे दिल्ली जाकर सैमुएल से सामग्री एकत्रित करने का निर्देश दिया।

न्यूज पोर्टल ने मार्च में दो वीडियो जारी किए थे, जिनमें तृणमूल कांग्रेस के नेताओं, सांसदों, विधायकों व पूर्व केंद्रीय मंत्रियों को कथित तौर पर कारोबारी के भेष में पत्रकारों से रिश्वत लेते दिखाया गया था।

तृणमूल ने स्टिंग को ‘विरोधी पार्टियों की साजिश’ बताया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493