नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने एक जापानी कंपनी की भारतीय सहायक कंपनी के साथ द्विपक्षीय अग्रिम मूल्य निर्धारण समझौते (एपीए) पर हस्ताक्षर किए।
वित्त मंत्रालय की ओर से जारी वक्तव्य में कहा गया है, “यह द्विपक्षीय समझौता बहुराष्ट्रीय कंपनी से जुड़े मामलों में हस्तांतरण मूल्य के निर्धारण की अवश्यंभाविता सुनिश्चित करने की दिशा में और विवाद निवारण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
उल्लेखनीय है कि सीबीडीटी वित्त मंत्रालय के अधीन आता है। यह समझौता दो अगस्त को हुआ।
इस स्कीम में मूल्य निर्धारण के तरीकों को निर्दिष्ट करते हुए और अग्रिम रूप से अंतर्राष्ट्रीय लेन-देन के मूल्यों को तय करते हुए हस्तांतरण मूल्य के क्षेत्र में करदाताओं को अवश्यंभाविता सुनिश्चित करने की कोशिश की गई है।
वक्तव्य में कहा गया है, “एपीए योजना की प्रगति एक गैर-विरोधात्मक कर व्यवस्था को बढ़ावा देने संबंधी सरकार के अभियान को मजबूती प्रदान करता है।”
कुल मिलाकर, यह सीबीडीटी द्वारा हस्ताक्षरित किया गया चौथा द्विपक्षीय एपीए है। सीबीडीटी को उम्मीद है कि निकट भविष्य में कई और अग्रिम मूल्य निर्धारण समझौते (एपीए) होंगे।
dharmpath.com dharmpath