अटारी (पंजाब), 25 सितम्बर (आईएएनएस)। पिछले एक साल से सीमा पर चल रही तनातनी के बीच शुक्रवार को यहां अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर भारत व पाकिस्तान के सीमा सुरक्षा बलों ने बकरीद के अवसर मिठाइयों का आदान-प्रदान किया।
पाकिस्तानी रेंजर्स ने अपने भारतीय समकक्ष सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को मिठाइयां दीं।
पाकिस्तान रेंजर्स के विंग कमांडर बिलाल ने बीएसएफ के उप महानिरीक्षक एम.एफ.फारूकी को मिठाइयां दीं।
हाल में नई दिल्ली में दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बलों के महानिदेशकों की बैठक के बाद मिठाइयों का आदान-प्रदान हुआ है।
इससे पहले, दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बलों ने इस साल मार्च में पाकिस्तान के राष्ट्रीय दिवस पर मिठाइयों का आदान-प्रदान किया था।
मिठाइयों के आदान-प्रदान की इस परंपरा को बीते साल अक्टूबर में पाकिस्तानी सैनिकों ने यह कहकर तोड़ दिया था कि वह इस साल ईद पर मिठाइयां स्वीकार नहीं कर रहे हैं।
भारत की ओर से भी बीते साल पाकिस्तान को दीवाली के मौके पर मिठाई नहीं दी गई थी।
बीएसएफ के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “मिठाइयों का आदान-प्रदान होगा या नहीं, इसके बारे में दोनों पक्षों के बीच बैठक में पहले ही फैसला कर लिया जाता है, जो एक प्रोटोकॉल है।”
dharmpath.com dharmpath