अमृतसर, 25 फरवरी (आईएएनएस)। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने अनजाने में सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में दाखिल होने वाले पाकिस्तानी नागरिक को पाकिस्तानी रेंजरों को सौंप दिया।
बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने यहां कहा कि पाकिस्तानी नागरिक मुरीद फकीर को शुक्रवार को बीएसएफ के जवानों ने तब पकड़ लिया था, जब वह अनजाने में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय सीमा में दाखिल हो गए थे और सीमा सुरक्षा बाड़ के निकट पहुंच गए थे। फकीर की आयु 60 साल के आसपास है।
बीएसएफ के प्रवक्ता ने कहा कि फकीर को अमृतसर सेक्टर के दोनास राजा दीनानाथ बॉर्डर आउटपोस्ट इलाके में अभियान के दौरान पकड़ा था।
प्रवक्ता ने कहा, “पाकिस्तानी रेंजरों से संपर्क किया गया और अनजाने में सीमा पार करने वाले पाकिस्तानी नागरिक फकीर को मानवीय आधार पर उन्हें सौंप दिया गया।”
dharmpath.com dharmpath