दमिश्क, 28 जुलाई (आईएएनएस)। सीरियाई सेना ने सहयोगी लड़ाकों के साथ मिलकर गुरुवार को अलेप्पो शहर के बनी जैद इलाके को विद्रोहियों के कब्जे से छुड़ा लिया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, बनी जैद एक समय में सीरियाई सरकार के कब्जे वाले अलेप्पो में विद्रोही हमले करने का प्रमुख अड्डा हुआ करता था।
बनी जैद से विद्रोहियों द्वारा किए गए हमलों में जुलाई में अलेप्पो में 70 नागरिकों की मौत हो गई थी।
बीते एक सप्ताह से सीरियाई सेना ने अलेप्पो के विद्रोहियों के कब्जे वाले सुदूरवर्ती उत्तरी इलाके को पूर्वी जिलों से जोड़ने वाले कास्टेलो मार्ग को सफलतापूर्वक बाधित कर दिया था, जो विद्रोहियों को दैनिक आपूर्ति का प्रमुख संपर्क मार्ग भी था।
सीरियाई सेना के हेलीकॉप्टरों ने बुधवार को अलेप्पो पर हजारों की संख्या में पर्चियां गिराईं, जिनमें विद्रोहियों से समर्पण का आग्रह किया गया था और आम नागरिकों से सीरियाई सेना का साथ देने की अपील की गई थी।
सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद ने गुरुवार को क्षमादान की घोषणा करते हुए कहा था कि तीन महीनों के भीतर समर्पण करने वाले विद्रोहियों और एक महीने के भीतर अपहृत लोगों को छोड़ने वाले अपहर्ताओं को माफी दी जाएगी।
गौरतलब है कि तुर्की की सीमा से लगा अलेप्पो सीरियाई सेना और विद्रोहियों के बीच संघर्ष का प्रमुख क्षेत्र रहा है।
dharmpath.com dharmpath