जेरूसलम, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के रक्षा मंत्री जेम्स मैटिस ने शुक्रवार को कहा कि सीरिया सरकार के पास रासायनिक हथियार हैं और कहा कि इसका अब और इस्तेमाल नहीं होना चाहिए।
समाचार एजेंसी एफे न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल के अपने आधिकारिक दौरे के दौरान मैटिस ने कहा कि इजरायल के एक उच्चाधिकारी द्वारा दमिश्क के पास अभी भी टनों रासायनिक हथियार होने की सूचना देने के बाद इस बात में कोई संदेह नहीं रह गया है कि सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद के पास रासायनिक हथियार हैं।
इजरायल के रक्षा मंत्री एविग्दोर लिबरमैन के साथ बातचीत में उन्होंने कहा, “मूल बात यह है कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के बीच अब यह संदेह नहीं होना चाहिए कि सीरिया ने अंतर्राष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन कर अपने पास रासायनिक हथियार रखे हैं, जबकि उसने समझौते के तहत रासायनिक हथियारों के जखीरे के खत्म करने की बात कही थी।”
बीते चार अप्रैल को सीरिया में विद्रोहियों के कब्जे वाले एक गांव में कथित रासायनिक हमले में 80 से अधिक लोग मारे गए थे, जिनमें कई बच्चे भी थे।
मैटिस ने कहा, “रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का उल्लंघन है और अब इस मुद्दे से कूटनीतिक तरीके से निपटने जा रहे हैं। कुछ देश उन्हें अविवेक भरी सलाह देंगे कि वे उसका इस्तेमाल एक बार फिर करें। लेकिन, हमने अपने हमलों से सबकुछ स्पष्ट कर दिया है।”
सितंबर 2013 में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव स्वीकार किया था कि सीरिया सरकार को 2014 तक रासायनिक हथियारों के संपूर्ण जखीरे को नष्ट करना होगा।
dharmpath.com dharmpath