सुरेश गोपी ने राज्यसभा नामांकन के लिए मोदी को धन्यवाद दिया

तिरुवनंतपुरम, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। मलयालम अभिनेता सुरेश गोपी ने गुरुवार को यहां एक मंदिर में प्रार्थना की और राज्यसभा के लिए उन्हें नामांकित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया।

250 से भी ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके गोपी (56) ने मीडिया से कहा, “यह राजनीतिक फैसला नहीं है, यह एक गैर-राजनीतिक फैसला है। प्रधानमंत्री ने मुझे नामांकित किया है।”

उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता ओ. राजगोपाल भी थे।

अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में राज्यसभा सदस्य और मंत्री रह चुके राजगोपाल ने कहा, “यह फैसला पहले ही हो जाना चाहिए था, लेकिन यह अब हुआ है। यह एक सही फैसला है।”

गोपी को राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनडीएफसी) में अध्यक्ष का पद देने का वादा किया गया था, लेकिन यह वादा पूरा नहीं हो पाया था।

भाजपा ने उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में भी उतारने की कोशिश की थी, लेकिन इसके लिए उन्होंने रुचि नहीं दिखाई। हालांकि उन्होंने केरल में पार्टी के लिए प्रचार करने पर सहमति दे दी थी।

संसद के ऊपरी सदन में फिलहाल सात पद रिक्त हैं।

गोपी को पिछले सप्ताह दिल्ली बुलाया गया था और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के साथ एक बैठक के बाद उनके नाम पर अंतिम मुहर लगा दी गई थी।

भाजपा राष्ट्रीय नेतृत्व को भरोसा है कि इस कदम से 140 विधानसभा सीटों वाली केरल विधानसभा में पार्टी को खाता खोलने में मदद मिलेगी। राजगोपाल समेत पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता चुनाव मैदान में उतर रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493