सुषमा को मंत्रिमंडल से निकालें मोदी : केजरीवाल (लीड-2)

नई दिल्ली, 23 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अयोग्यता के आरोप झेल रहीं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को अपने मंत्रिमंडल से बाहर करें।

अपनी सरकार में पूर्व कानून मंत्री जितेंदर सिंह तोमर की गिरफ्तारी पर मुख्यमंत्री ने दिल्ली विधानसभा में कहा कि उन्होंने जिस तरह अपने मंत्री तोमर के खिलाफ कार्रवाई की उसी तरह मोदी को भी अपने मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा में बजट सत्र के पहले दिन मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद ओ.पी. शर्मा ने तोमर मामले पर जमकर हंगामा किया।

हंगामे के बाद केजरीवाल ने कहा, “हमने तोमर की गिरफ्तारी के साथ ही उन्हें मंत्रिमंडल से बाहर कर दिया।”

केजरीवाल ने तोमर प्रकरण की लोकसभा में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के इस्तीफे की चल रही मांग से तुलना की।

उन्होंने कहा कि मोदी को आम आदमी पार्टी (आप) से सीख लेनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि तोमर ने कथित तौर पर अपनी फर्जी डिग्री को लेकर उन्हें भ्रम में रखा। साथ ही केजरीवाल ने यह भी कहा कि मोदी को भी उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों ने गुमराह किया।

केजरीवाल ने कहा, “उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों ने भी उन्हें भ्रम में रखा..उन्हें सुषमा स्वराज को मंत्रिमंडल से हटा देना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि जब तोमर पर पहली बार फर्जी डिग्री के आरोप लगे तब उन्हें लगा था कि तत्कालीन कानून मंत्री तोमर ने कुछ भी गलत नहीं किया है।

केजरीवाल ने आगे कहा, “लेकिन जब उन्हें गिरफ्तार किया गया और पुलिस हिरासत में भेज दिया गया, तब लगा कि मुझे अंधेरे में रखा गया।”

केजरीवाल ने सुषमा और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया पर लगे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी की मदद करने के आरोपों की स्वतंत्र जांच की मांग भी की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493