काठमांडू, 9 फरवरी (आईएएनएस)। नेपाल की यात्रा पर आईं विदेशमंत्री सुषमा स्वराज और भारत के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को नेपाल की राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी और प्रधानमंत्री के.पी.शर्मा ओली से शिष्टाचार मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री सुशील कोईराला को श्रद्धांजलि देने के बाद दोनों नेताओं से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, कांग्रेस नेता आनंद शर्मा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी और जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव शामिल थे।
इन सभी ने भंडारी से राष्ट्रपति कार्यालय में और ओली से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की।
भंडारी ने भारतीय नेताओं से कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते बहुत गहरे, अभिन्न और राजनीति की सीमा से परे हैं।
प्रधानमंत्री ओली से मुलाकात में सुषमा स्वराज ने उन्हें बताया कि सुशील कोईराला के निधन की सूचना मिलते ही एक आपात बैठक बुलाई गई। इसमें नेपाली कांग्रेस के प्रमुख सुशील कोईराला को श्रद्धांजलि देने के लिए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल नेपाल भेजने का फैसला लिया गया।
ओली ने कहा, “भारत हमेशा ही दुख की घड़ी में नेपाल के साथ खड़ा होता है।”
प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार गोपाल खनल के अनुसार, ओली ने कहा, “आपकी दुख के इस वक्त में यहां मौजूदगी यह बताती है कि भारत मुश्किल समय में नेपाल का दोस्त है।”
ओली और सुषमा की मुलाकात में ओली की इसी महीने प्रस्तावित भारत यात्रा पर भी चर्चा हुई। सुषमा ने कहा, “हम भारत में आपके स्वागत की प्रतीक्षा कर रहे हैं। आपकी यात्रा की तैयारियां जारी हैं।”
ओली ने विश्वास जताया कि नेपाल के नए संविधान पर मतभेदों को मधेसियों से वार्ता में सुलझा लिया जाएगा। सरकार आंदोलनरत दलों से सलाह-मशविरा जारी रखेगी।
सुषमा शाम को नई दिल्ली लौट गईं।
dharmpath.com dharmpath