सेना प्रमुख ने हिंसा प्रभावित कश्मीर का दौरा किया

श्रीनगर, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। सेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह सुहाग ने मंगलवार को उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले का दौरा किया, जहां पिछले सप्ताह सुरक्षाबलों से झड़प के दौरान पांच लोगों की मौत हो गई थी।

रक्षा प्रवक्ता कर्नल एन.एन.जोशी ने आईएएनएस से कहा कि सेना प्रमुख ने कश्मीर घाटी की सुरक्षा हालात की समीक्षा की।

सेना प्रमुख के साथ उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल डी.एस.हुड्डा भी थे। सेना प्रमुख ने श्रीनगर के चिनार कोर का भी दौरा किया।

जोशी ने कहा, “समस्त सुरक्षा हालात तथा किसी भी चुनौती से निपटने के लिए चिनार कोर की तैयारी से कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल सतीश दुआ ने सेना प्रमुख को अवगत कराया।”

प्रवक्ता ने कहा कि जनरल को उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा में घटीं घटनाओं से भी अवगत कराया गया, जहां पिछले दिनों हिंसक प्रदर्शन हुए थे।

उन्होंने कहा, “जनरल दलबीर सुहाग को नियंत्रण रेखा (एलओसी) तथा आंतरिक इलाके के हालात से अवगत कराया गया। सेना के अधिकारियों व सैनिकों से हुई बातचीत में सेना प्रमुख ने एलओसी तथा आंतरिक इलाके में तैनात इकाइयों की तैयारी को लेकर संतुष्टि जताई।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493