नई दिल्ली, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली के परिवहन मंत्री गोपाल राय ने मंगलवार को कहा कि सोमवार को सम-विषम योजना की अनुपालन दर बहुत अच्छी रही क्योंकि इसके उल्लंघन के मामले में कम चालान काटे गए।
दूसरे चरण की सम-विषम योजना 15 से 30 अप्रैल तक चलेगी। सोमवार इस चरण में पहला कार्यदिवस था।
राय ने बताया कि यातायात पुलिस और दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग द्वारा 710 चालान जारी किए गए। सम-विषम का उल्लंघन करने वालों पर अलग-अलग 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
15 अप्रैल को राम नवमी के अवसर पर सरकारी छुट्टी थी लेकिन इस दिन 1,311 उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया गया। इसमें 884 पुलिस ने और 427 परिवहन विभाग ने लगाया। शनिवार को यह संख्या घटकर 678 रह गई।
पहले चरण की योजना 1 से 15 जनवरी तक लागू हुई थी।
इस योजना में सम तारीख पर सम-संख्या वाले वाहन और विषम तारीख पर विषम संख्या के वाहन सड़कों पर दौड़ सकेंगे।
गोपाल राय ने कहा कि पिछले सोमवार की तुलना में दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने इस सोमवार को 22 लाख रुपये का लाभ कमाया।
सोमवार को डीटीसी बसों में कुल 41,11,327 लोग सवार हुए, जो पिछले सोमवार से 2.54 लाख अधिक है।
dharmpath.com dharmpath