पणजी, 10 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस ने देश की राजधानी में ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के कार्यक्रम के लिए बुनियादी सुविधाएं विकसित करने में सेना के इस्तेमाल पर रक्षा मंत्री मनोहर पíरकर को आड़े हाथ लिया है। कांग्रेस ने गुरुवार को इसके लिए पर्रिकर से हर हाल में देश की सेना से माफी मांगने की मांग की।
गोवा में कांग्रेस पार्टी ने दावा किया कि भारतीय सेना के जवानों को ‘कॉरपोरेट जगत का गुलाम’ बना दिया गया।
गोवा कांग्रेस के प्रवक्ता सुनील कावथंकर ने यहां जारी एक बयान में कहा, “भारतीय सेना के जवान हमारे गौरव हैं, सरकार या किसी निगम के गुलाम नहीं। “
उन्होंने कहा, “आपदा प्रबंधन, मानवता से जुड़े राहत कार्य या सरकार द्वारा आयोजित किसी राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए उनकी सेवाओं की बात समझ में आती है लेकिन किसी निजी कार्यक्रम के लिए बुनियादी सुविधाएं विकसित करने में सैन्य कर्मियों के इस्तेमाल ने एक बहुत गलत परिपाटी की शुरुआत की है। “
कावथंकर ने कहा कि गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री पर्रिकर को सैनिकों के रुतबे और मर्यादा कम करने को लेकर निश्चित रूप से देश और भारतीय सेना से माफी मांगनी चाहिए।
आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर की संस्था ‘आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन’ ने दिल्ली स्थित यमुना खादर क्षेत्र में बहुत सारी बुनियादी सुविधाएं विकसित की हैं। इस कार्यक्रम के लिए जो निर्माण कार्य किए गए हैं उन्हें लेकर यह विवादों में है। इस कार्यक्रम में लाखों लोग आने वाले हैं।
dharmpath.com dharmpath