सैलजा की जातीय पक्षपात की टिप्पणी पर राज्यसभा में हंगामा, कार्यवाही बाधित (लीड-1)

नई दिल्ली, 3 दिसम्बर (आईएएनएस)। राज्यसभा में गुरुवार को भी कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा के उस दावे पर सत्तापक्ष और विपक्ष में ठनी रही, जिसमें उन्होंने गुजरात के एक मंदिर में जातीय आधार पर अपने साथ भेदभाव की बात कही है।

इस मुद्दे पर सत्तापक्ष और विपक्ष के सदस्यों के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही भोजनावकाश से पहले तीन बार स्थगित करनी पड़ी।

सदन की कार्यवाही सबसे पहले सुबह 11.44 बजे स्थगित की गई। दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अपने बुधवार के उस बयान पर खेद जताया, जिसमें उन्होंने सैलजा के दावे को ‘बनावटी भेदभाव’ कहा था।

विपक्षी सदस्यों का विरोध समाप्त नहीं हुआ, जिसके कारण सदन की कार्यवाही एक बार फिर दोपहर 12.07 बजे 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई। सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध खत्म करने के लिए सभापति हामिद अंसारी ने एक बैठक भी बुलाई।

लेकिन, इस मुद्दे पर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच सहमति नहीं बन पाई। सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर भी हंगामा जारी रहा। हंगामे को देखते हुए उप सभापति पी.जे. कुरियन ने सदन की कार्यवाही 12.17 बजे फिर स्थगित कर दी।

इससे पहले बुधवार को भी सैलजा के इस दावे पर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तनातनी हो गई थी, जिसके कारण सदन की कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी थी।

राज्यसभा में सदन के नेता अरुण जेटली ने बुधवार को संविधान पर चर्चा के दौरान कहा था कि सैलजा के दावे मंदिर की आगंतुक पुस्तिका में लिखी उनकी ही बातों से मेल नहीं खाते, जिसमें उन्होंने मंदिर की प्रशंसा की है।

इस पर सैलजा ने कहा कि उन्होंने अपनी टिप्पणी में स्पष्ट कर दिया है कि मुख्य द्वारका मंदिर में ऐसा नहीं था। वहां पुजारी बहुत अच्छे थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493