नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सोमवार शाम राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मुलाकात करेंगी। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
मुलाकात ऐसे समय में हो रही है, जब पार्टी सांप्रदायिकता को लेकर केंद्र सरकार पर जोरदार हमले कर रही है। अटकलें लगाई जा रही हैं कि कांग्रेस अध्यक्ष देश में बढ़ते सांप्रदायिक तनाव का मुद्दा उठा सकती हैं।
हालांकि सूत्रों ने इसे एक व्यक्तिगत मुलाकात बताया है।
सूत्रों के मुताबिक, सोनिया मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में कांग्रेस सासंदों के साथ जाएंगी।
सोनिया ने कहा है कि सांप्रदायिक विचारधारा के चलते भारत की अनेकता में एकता का इतिहास खतरे में है और देश में घृणा की घटनाएं सुनियोजित साजिश का नतीजा हैं।
29वें ‘इंदिरा गांधी अवॉर्ड फॉर नेशनल इंटीग्रेशन’ समारोह को 31 अक्टूबर को संबोधित करते हुए सोनिया ने कहा था, “देश का सम्मान खतरे में है, क्योंकि भारत का अनेकता में एकता का गौरवशाली इतिहास सांप्रदायिक विचारधारा के कारण खतरे में है।”
dharmpath.com dharmpath