नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सोमवार को सर्वोच्च न्यायालय से कहा कि करोड़ों के स्टांप घोटाले का सरगना अब्दुल करीम तेलगी ‘बिल्कुल जिंदा’ है और बेंगलुरु की जेल में कैद है।
सर्वोच्च न्यायालय की अवकाश पीठ के न्यायमूर्ति आदर्श कुमार गोयल और न्यायमूर्ति ए. एम. खानविलकर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल आत्माराम नडकर्णी ने कहा, “अब्दुल करीम तेलगी बिल्कुल जिंदा है और बेंगलुरु की जेल में बंद है।”
उन्होंने अदालत से कहा कि पहले खबरें आई थीं कि तेलगी एड्स समेत कई तरह की बीमारियों से जूझ रहा था और कुछ साल पहले खबर आई कि उसकी मौत हो गई और इसे ही मीडिया ने प्रसारित कर दिया।
नाडकर्णी ने अदालत से कहा कि सीबीआई के एक अधिकारी ने उनसे कहा कि तेलगी बिल्कुल जिंदा है और बेंगलुरु की जेल में बंद है।
सीबीआई की अपील पर सुनवाई के दौरान अदालत को यह सूचना दी गई। दरअसल कर्नाटक उच्च न्यायालय ने स्टांप घोटाले से संबंधित कई मामलों में से एक में तेलगी को बरी कर दिया है। उच्च न्यायालय के फैसले को सीबीआई ने सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती दी है।
पिछली बार मामले की सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत को सूचित किया गया था कि तेलगी मर चुका है जिस पर अदालत ने कहा कि मृत व्यक्ति को आप सजा नहीं दे सकते हैं।
लेकिन, सोमवार को नाडकर्णी ने जब अदालत को तेलगी के जिंदा होने की जानकारी दी तो अदालत ने कहा, “अगर वह जिंदा है तो फिर कोई जल्दबाजी नहीं है।”
करीब 20000 करोड़ रुपये के स्टांप घोटाले के 12 मामले महाराष्ट्र में साल 1992 से 2002 के बीच दर्ज हुए थे और अन्य 15 मामले देश के अन्य भागों में दर्ज हुए थे।
dharmpath.com dharmpath