स्वीडन, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। स्टोकहोम ओपन खिताब जीतने के साथ ही अर्जेंटीना के जुआन मार्टिन डेल पोट्रो विश्व के शीर्ष 50 टेनिस खिलाड़ियों में शुमार हो गए हैं।
पोट्रो ने अमेरिका के जैक सोक को 7-5,6-1 से हराते हुए रविवार को स्टोकहोम ओपन टेनिस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया था। यह पिछले तीन साल में उनका पहला एटीपी खिताब है।
अर्जेटीना के 28 वर्षीय खिलाड़ी चोटिल होने के कारण 2014 और 2015 में प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाए थे। हालांकि, स्टोकहोम ओपन जीतने के बाद वह एटीपी रैंकिंग में 42वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, पोट्रो ने कहा, “मैं पिछले दो साल से अपनी परेशानियों का हल ढूंढ रहा था और मैंने अपने करियर के इस मुकाम पर खिताब जीतने की उम्मीद नहीं की थी।”
2009 में अमेरिकी ओपन का खिताब अपने करने वाले पोट्रो ने कहा, “मैं इस खिताब को पाकर काफी खुश हूं और यह मेरे लिए भविष्य में आगे बढ़ने की एक प्रेरणा है। मुझे रैंकिंग की चिंता नहीं है। मैं बस अच्छा खेलना चाहता हूं।”
dharmpath.com dharmpath