नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। बोफोर्स तोप के उन्नत संस्करण स्वदेशी बोफोर्स ने गर्मी और जाड़े के मौसम में हुए परीक्षण में अपनी गुणवत्ता सफलतापूर्वक साबित कर दी है और इसके व्यापक स्तर पर उत्पादन को मंजूरी मिलने का इंतजार है। रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने यह जानकारी दी।
जबलपुर के गन कैरिज फैक्ट्री के अधिकारियों ने कहा कि थोक उत्पादन के लिए तैयारियां चल रही हैं और बुनियादी ढांचे को संवर्धित किया जा रहा है।
सूत्र के मुताबिक, उत्पादन साल 2016 में कभी भी शुरू हो सकता है।
अधिकारियों के मुताबिक, धनुष नामक छह प्रोटोटाइप तैयार हैं और सेना में 400 से अधिक तोपों को शामिल किया जाएगा।
व्यापक तौर पर उत्पादन के लिए हालांकि सेना के मुख्यालय से मंजूरी मिलने का इंतजार किया जा रहा है।
आधिकारिक सूत्र ने कहा, “सैन्य मुख्यालय से उत्पादन की तकनीकी मंजूरी मिलने का इंतजार किया जा रहा है।”
संसद की एक सलाहकार समिति ने हाल में रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर को सूचित किया है कि स्वदेश में डिजाइन तथा निर्मित 155 एमएम/45 कैलिबर धनुष ने गर्मी तथा जाड़े में किए गए परीक्षणों को सफलतापूर्वक पास कर लिया है।
बोफोर्स की तुलना में इसमें कई सुधार लाए गए हैं। सबसे बड़ी खूबी इसका लंबा बैरल है।
भारत को तोप का ब्लू प्रिंट स्वीडन की कंपनी ने मुहैया कराया था।
dharmpath.com dharmpath