स्वराज इंडिया का ‘मैं भी साफ दिल, साफ दिल्ली के साथ’ अभियान

नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। निगम चुनावों में स्वराज इंडिया के प्रत्याशी वार्ड के नागरिकों के हस्ताक्षर के साथ अपना नामांकन करने जाएंगे। पार्टी ने सोमवार से दिल्ली में ‘मैं भी साफ दिल, साफ दिल्ली के साथ’ हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। यह अभियान सोमवार से शुरू होकर प्रत्याशी के नामांकन के दिन तक चलेगा।

स्वराज इंडिया के इस ‘मैं भी साफ दिल, साफ दिल्ली के साथ’ हस्ताक्षर अभियान में पार्टी के उम्मीदवार और वालंटियर 20 मीटर लंबे बसंती कपड़े के थान पर समर्थकों के हस्ताक्षर लेंगे। बाजार, शॉपिंग मॉल, मेट्रो स्टेशन के बाहर, गली-मोहल्ले और नुक्कड़ पर खड़े होकर अपने वार्ड के लोगों से उस बसंती कपड़े पर ‘साफ दिल साफ दिल्ली’ के उद्देश्य को पूरा करने की कसम लेंगे।

अभियान के आखिर में नामांकन पत्र जमा करने के एक दिन पहले स्वराज इंडिया के उम्मीदवार और समर्थक बसंती स्वराज फ्लैग मार्च निकालेंगे। इसमें हस्ताक्षर युक्त 20 मीटर के बसंती थान को पूरा खोलकर 20 वालंटियर अपने-अपने कंधों पर पकड़ कर पूरे क्षेत्र में फ्लैग मार्च करेंगे। फ्लैग मार्च के पीछे बाइक रैली भी होगी जो वार्ड की सभी गलियों से गुजरेगी।

जहां एक तरफ बाकी पार्टी के उम्मीदवार 10 प्रस्तावक का हस्ताक्षर लेकर नामांकन के लिए जाते हैं, वहीं स्वराज इंडिया के उम्मीदवार वार्ड के सैकड़ों समर्थकों का हस्ताक्षर लेकर नामांकन दाखिल करने जाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493