स्वाति बुराड़ी दुष्कर्म पीड़िता से मिलीं, पुलिस को नोटिस

नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी में दुष्कर्म का शिकार हुई 14 वर्षीय दलित लड़की से मुलाकात की। उन्होंने आरोपी को गिरफ्तार न करने पर पुलिस को नोटिस जारी किया।

स्वाति ने ट्वीट कर कहा, “दिल्ली में जिंदगी की जंग लड़ रही 14 वर्षीय दलित लड़की से मुलाकात की। कई बार दुष्कर्म किया गया, क्षयकारी पदार्थ घुसाकर उसके अंगों को क्षतिग्रस्त किया गया। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। डॉक्टर्स का कहना है कि उसके बचने की उम्मीद बेहद कम है।”

स्वाति ने शुक्रवार की रात पीड़ित लड़की से मुलाकात की थी।

डीसीडब्ल्यू ने बुराड़ी पुलिस स्टेशन के प्रभारी सतबीर सिंह को नोटिस जारी कर ‘आरोपी को अब तक गिरफ्तार न करने’ का कारण पूछा है।

स्वाति ने ट्वीट्स कर कहा, “आरोपी को गिरफ्तार न करने के लिए थाना प्रभारी को नोटिस जारी किया है। साथ ही पीड़िता और उसके परिवार की पुलिस सुरक्षा की सिफारिश भी की है।”

पुलिस को डीसीडब्ल्यू को नोटिस का जवाब देने के लिए 72 घंटे का समय दिया गया है।

डीसीडब्ल्यू इस ‘मामले में पुलिस, सरकारी अस्पताल और नारी निकेतन की भूमिका’ की जांच भी कर रहा है।

डीसीडब्ल्यू अध्यक्ष ने कहा, “पीड़िता के परिवार ने आरोप लगाया है कि उसने आरोपी के दबाव के कारण पहले अपने बयान बदल दिए थे और आरोपी ने उनके छोटे बेटे का अपहरण करने की कोशिश भी की थी। इसलिए पुरजोर सिफारिश की जाती है कि पीड़िता और उसके परिवार को प्राथमिकता के आधार पर पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493