आक्रोशित ट्रांसपोर्टरों ने लखनऊ गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय छाबड़ा के नेतृत्व में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की शवयात्रा निकाली तथा ट्रांसपोर्ट नगर स्थित आरटीओ कार्यालय के समक्ष पुतला फूंका।
तकरीबन तीन घंटे चली शवयात्रा में ट्रांसपोर्टरों के साथ आम जनता भी शामिल हुई। ट्रकों की हड़ताल के कारण यूपी में जहां 1.5 लाख भार वाहन जहां तहां खड़े हैं, वहीं तकरीबन पांच लाख मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। एसोसिएशन ने केंद्र सरकार को सद्बुद्धि दिलाने के लिए रविवार को लाटूश रोड स्थित पुराना आरटीओ परिसर में ‘बुद्धि-शुद्धि यज्ञ’ करने का निर्णय लिया है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय छाबड़ा ने कहा कि टोल मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अविलंब हस्तक्षेप करना चाहिए, नहीं तो हालात बेकाबू हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो देशभर में जनजीवन पर इसका व्यापक असर पड़ेगा।
एसोसिएशन के महामंत्री मुकेश सिन्हा ने टोल मुद्दे पर केंद्र सरकार की चुप्पी को गैर जिम्मेदाराना बताते हुए देश के नेताओं और टोल ठेकेदारों के बीच संबंधों का खुलासा करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि डीजल व पेट्रोल पर प्रति लीटर 6 से 7 रुपये सेस तथा रोड टैक्स सहित विभिन्न प्रकार के करों से भारत सरकार को इतना राजस्व मिल रहा है कि भारत में विश्वस्तरीय सड़कें बनाई जा सकती हैं, फिर भी टोल पर ‘लूट का खेल’ चलाकार आम जनता की कमर तोड़ी जा रही है।
टोल विरोधी संघर्ष समिति के संयोजक एवं एसोसिएशन के संयुक्त मंत्री एच.पी.यादव ने कहा कि जब ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने प्रति ट्रक एकमुश्त टोल भुगतान का विकल्प दिया है, जिससे टोल प्लाजाओं से भारत सरकार को मिलने वाले राजस्व से अधिक धनराशि एकत्र हो सकती है, तब सरकार को इस पर विचार करने में क्या परेशानी है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय परिवहन मंत्री व वित्तमंत्री व्यापक जनहित के मुद्दे को दरकिनार कर देश को नाहक महंगाई की आग में झोंक रहे हैं।
ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के प्रवक्ता एवं परिवहन विकास ट्रस्ट के अध्यक्ष जगदीश गुप्त ने कहा कि शनिवार को नई दिल्ली में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भीम वधवा ने पीएमओ में ज्ञापन देकर प्रधानमंत्री से टोल मुद्दे पर हस्तक्षेप करने की मांग की है तथा देशभर के ट्रांसपोर्ट संगठनों से शांति बनाए रखने की भी अपील की है।
dharmpath.com dharmpath