कोलकाता, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में वाम मोर्चा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा गुरुवार को आहूत हड़ताल को विफल करने के प्रयास के रूप में ममता बनर्जी की सरकार ने अपने सभी कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि वे हड़ताल वाले दिन आवश्यक रूप से दफ्तर पहुंचें।
राज्य के मुख्य सचिव एच.के. द्विवेदी द्वारा हस्ताक्षरित ज्ञापन के मुताबिक, “राज्य सरकार द्वारा अनुदान प्राप्त कार्यालयों सहित सभी सरकारी कार्यालयों में कामकाज जारी रहेगा और सभी कर्मचारियों को आवश्यक रूप से उस दिन (30 अप्रैल) दफ्तर आना है। गुरुवार को किसी भी कर्मचारी को छुट्टी नहीं दी जाएगी।”
ज्ञापन के मुताबिक, “राज्यपाल ने यह फैसला किया है कि उस दिन कर्मचारियों की अनुपस्थिति को छुट्टी नहीं मानी जाएगी और वित्त विभाग के ज्ञापन में उल्लिखित प्रावधानों के तहत इस तरह की अनुपिस्थिति का वेतन नहीं मिलेगा। “
यह आदेश ममता बनर्जी के भाजपा और वाम मोर्चे पर हमला करने के एक दिन बाद आया है। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने मंगलवार को कहा था कि भाजपा और वाममोर्चा हड़ताल का सहारा लेकर बंगाल की प्रगति में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने इस हड़ताल में भाग लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की धमकी दी थी।
dharmpath.com dharmpath