हरियाणा व पंजाब में जनजीवन प्रभावित, किसान खुश

चंडीगढ, 11 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में शनिवार को भारी बारिश से जहां सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ, वहीं क्षेत्र के किसान खुश हैं।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अधिकतर स्थानों पर शुक्रवार को अधिकतम तापमान औसत से तीन-सात डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

दोनों कृषि प्रधान राज्यों के किसान बारिश से खुश हैं। उन्होंने कहा कि धान की नई फसल के लिए बारिश अच्छी है।

डेराबस्सी के किसान करनैल सिंह ने आईएएनएस को बताया, “किसान मानसून का इंतजार कर रहे थे। इस साल मानसून थोड़ी देर से आया, लेकिन अच्छी बारिश धान की फसल के लिए लाभदायक होगी।”

पंजाब के लुधियाना में शुक्रवार से शनिवार सुबह तक 70 मिलीमीटर एवं चंडीगढ़ में 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पंजाब एवं हरियाणा के अन्य स्थानों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

चंडीगढ़ में बारिश के कारण कई स्थानों पर जल भराव हो गया, जिससे यातायात बाधित हुआ। हरियाणा के पंचकुला और पंजाब के मोहाली में भी कई स्थानों से जल भराव की शिकायतें अधिकारियों को मिलीं।

पंजाब एवं हरियाणा में राजमार्गो पर बारिश के कारण यातायात काफी धीमा रहा।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में सप्ताहांत तक बारिश का दौर जारी रहेगा। दिन का तापमान सामान्य से कम रहने की उम्मीद है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493