गुवाहाटी, 3 अगस्त (आईएएनएस)। गुवाहाटी के ऊपर इंडिगो एयरलाइंस के दो विमान चमत्कारिक ढंग से आपस में टकराने से बच गए। इस दौरान कुछ यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को झटके लगे जिन्हें चिकित्सा सहायता दी गई। यह जानकारी अधिकारियों ने बुधवार को दी।
इंडिगो एयरलाइंस के एक प्रवक्ता ने कहा कि कम से कम चार यात्रियों और चालक दल के दो सदस्यों को झटके लगे। यात्रियों ने चक्कर आने की शिकायत की, जबकि चालक दल के सदस्यों को प्राथमिक चिकित्सा की जरूरत पड़ी।
घटना मंगलवार की शाम को तब हुई जब इंडिगो एयरलाइंस की मुंबई-गुवाहाटी उड़ान लोकप्रिय गापीनाथ बारदोलोई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने वाली थी।
ठीक उसी समय इंडिगो की एक अन्य उड़ान ने पहली उड़ान का मार्ग काटते हुए चेन्नई के लिए उड़ान भरी।
इंडिगो एयरलाइंस के प्रवक्ता ने कहा, “गुवाहाटी आने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट को खराब मौसम के कारण कठिनाई हुई। इसलिए उसे करीब 250 से 300 फीट नीचे उतरना पड़ा, ठीक उसी समय चेन्नई जाने वाला विमान उड़ान भर रहा था।”
प्रवक्ता ने कहा कि अंतत: उड़ान सामान्य ढंग से उतरने में सफल रही। चार यात्रियों और चालक दल के दो सदस्यों को चिकित्सा सहायता दी गई।
dharmpath.com dharmpath