शिमला, 27 अगस्त (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व वाले कैबिनेट में गुरुवार को एक और मंत्री को शामिल किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की तीन साल की सरकार में राज्य मंत्रिमंडल का दूसरी बार विस्तार किया गया है।
हिमाचल प्रदेश के गवर्नर अचार्य देवव्रत ने कुल्लू जिले के बंजार निर्वाचन क्षेत्र से तीन बार विधायक चुने गए करण सिंह को राजभवन में आयोजित सादे समारोह में राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
करण सिंह को आयुर्वेद एवं सहकारी विभाग सौंपा गया है।
करण सिंह (58) इससे पूर्व 1998-2003 के बीच प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार में प्राथमिक शिक्षा मंत्री थे।
दिसंबर 2012 के राज्य विधानसभा चुनावों से ठीक पहले वह भाजपा का साथ छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे।
करण सिंह को राज्य मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने के बाद अब हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सहित 12 मंत्री हैं, जो राज्य मंत्रिमंडल की अधिकतम सीमा है।
इससे पहले पूर्व केंद्रीय संचार मंत्री सुखराम के बेटे अनिल शर्मा को दो मार्च 2003 को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने संवाददाताओं से कहा, “अब मंत्रिमंडल के विस्तार की संभावना नहीं है।”
उन्होंने कहा कि करण सिंह को आयुर्वेद मंत्रालय सौंपा गया है, जो स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय जितना ही महत्वपूर्ण विभाग है।
dharmpath.com dharmpath