हिमाचल में जल्द बर्फबारी की संभावना

शिमला, 1 जनवरी (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों में 2017 के पहले दिन सुबह धूप खिली रही, लेकिन इस सप्ताह राज्य में बर्फबारी होने की संभावना है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “राज्य में तीन जनवरी तक मौसम शुष्क बना रहेगा।”

शिमला में पर्यटकों को उम्मीद थी कि वे बर्फबारी के बीच 2016 को विदा कर पाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

शिमला के अलावा कुफरी, नारकंडा, कसौली, धर्मशाला, पालमपुर, डलहौजी और मनाली में कहीं भी बर्फबारी नहीं हुई।

शिमला में रविवार को न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस और मनाली में 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लाहौल और स्पीति जिले के केलोंग में रात का तापमान शून्य से 4.1 डिग्री कम, किन्नौर के कल्पा में शून्य से 1.4 डिग्री कम और धर्मशाला में 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि 4-6 जनवरी के बीच राज्य की मध्यम और ऊंची पहाड़ियों में बर्फबारी की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, “क्षेत्र में तीन जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ पहुंचेगा। अगर यह कुछ दिनों तक सक्रिय रहेगा, तो अधिकांश पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी होगाी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493