शिमला, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। दवाओं की ऑनलाइन बिक्री के खिलाफ केंद्र सरकार से कार्रवाई की मांग को लेकर दवा विक्रेताओं की देशव्यापी हड़ताल के तहत बुधवार को हिमाचल प्रदेश की दवा दुकानें भी बंद हैं।
राज्य के 5,000 से अधिक दवा विक्रेता बुधवार को जारी हड़ताल में शामिल हैं।
हिमाचल प्रदेश केमिस्ट और ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव पंडित ने आईएएनएस से कहा, “यहां राज्यभर में खुदरा और थोक दवा की दुकानें पूरी तरह बंद हैं।”
उन्होंने बताया कि राज्य के सरकारी अस्पतालों और डिस्पेंसरियों में दवा की निजी दुकान चलाने वालों ने भी अपनी दुकानें बंद रखी हैं।
राज्य का नागरिक आपूर्ति निगम हालांकि बड़े अस्पतालों में अपना संचालन जारी रखे हुए है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यहां किसी भी अप्रिय वारदात की सूचना नहीं है।
dharmpath.com dharmpath