हिमाचल में फंसे पर्वतारोहियों को बाहर निकालने में हेलीकॉप्टर नाकाम

शिमला, 3 जून (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में फंसे नौ पर्वतारोहियों को शुक्रवार को खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर से बाहर नहीं निकाला जा सका। ये सभी पर्वतारोही मूलत: नई दिल्ली के आयकर विभाग के अधिकारी हैं।

उपायुक्त रितेश चौहान ने टेलीफोन पर आईएएनएस से कहा, “बीते दो दिनों से बारा भंगल गांव में फंसे पर्वतारोहियों को बाहर निकालने के लिए शुक्रवार सुबह एक हेलीकॉप्टर को तैनात किया गया।”

उन्होंने कहा कि उस इलाके में तेज हवा तथा खराब मौसम के कारण सरकारी हेलीकॉप्टर उतर नहीं सका।

अधिकारी ने कहा, “मौसम में सुधार होते ही हम उन्हें बचाने का निश्चित तौर पर फिर से प्रयास करेंगे।”

उन्होंने कहा, “मैंने पर्वतारोहियों से एक जून को सैटेलाइट फोन पर बातचीत की और उनकी जान को खतरा जैसी कोई बात नहीं है। सभी पर्वतारोहियों के लिए चिकित्सकीय सहायता तथा खाद्य पदार्थ भेजे गए हैं। सभी का स्वास्थ्य ठीक है।”

उन्होंने कहा कि उन्हें बाहर निकालने तथा खाद्य पदार्थ व चिकित्सकीय सुविधा मुहैया कराने गया बचाव दल अभी तक उन तक नहीं पहुंच पाया है।

बारा भंगल गांव 2,800 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और वहां तक पहुंचने के लिए सड़क मार्ग की सुविधा नहीं है। पैदल वहां तक थामसर दर्रे से होकर पहुंचा जा सकता है, जो 4,700 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है।

पर्वतारोहियों ने पिछले सप्ताह मनाली से बारा भंगल तक की चढ़ाई शुरू की थी।

बचाव अभियान के दौरान हेलीकॉप्टर को 11 लोगों को बारा भंगल पहुंचाना था, लेकिन वहां हेलीकॉप्टर के न उतर पाने के कारण उन्हें वापस पालमपुर लाया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493